UP Budget Session LIVE: शिक्षामित्रों को 18000, अनुदेशकों को 17 हजार मानदेय मिलेगा; CM योगी का बड़ा ऐलान – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 यूपी बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। सीएम योगी आदित्यानाथ बजट पर आज जवाब दे रहे हैं। सीएम योगी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अप्रैल महीने से शिक्षामित्रों को 18000 और अनुदेशकों को 17 हजार मानदेय मिलेगा। साथ ही जहां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नहीं है, वहां स्कूलों के लिए 580 करोड़ आवंटित होंगे। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सरकार को घेरा। सपा विधायक रागिनी सोनकर ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को निकाले जाने का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि किसी भी कर्मचारी को नहीं निकाला जाएगा। यूपी बजट सत्र के पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ बने रहें।

UP Budget Session LIVE: 16: 47 PM- सीएम योगी ने कहा कि मेरठ में दो कॉरिडोर बनेंगे। एक में मेट्रो और दूसरे में नमो भारत ट्रेन चलेगी। लखनऊ में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर खोला जाएगा

UP Budget Session LIVE: 16: 46 PM- सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में चारबाग से बसंत कुंज तक मेट्रो का विस्तार होगा

UP Budget Session LIVE: 16: 45 PM- सीएम ने कहा कि शहरीकरण के मद्देनजर यूपी में अगले पांच सालों में 100 से ज्यादा नई टाउनशिप बनाएंगे।

UP Budget Session LIVE: 16: 40 PM- सीएम योगी ने बताया कि विश्वविद्यालयों की ओर से 5000 से ज्यादा पेटेंट की फाइलिंग हुई है जिसमें 300 से ज्यादा स्वीकृत हो चुके हैं। 2017 के पहले निजी विश्वविद्यालयों की स्वीकृति के लिए पिक एंड चूज किया जाता था। प्रदेश के छह मंडल तो ऐसे थे कि जहां एक भी विश्वविद्यालय नहीं था।

UP Budget Session LIVE: 16:37 PM- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्टार्टअप में यूपी परफॉर्मर स्टेट के रूप में सामने आया है। प्रदेश में इस समय 20 हजार से ज्यादा स्टार्टअप हैं। सपा को इससे कुछ लेना देना नहीं था क्योंकि सपा का स्टार्टअप कल्चर तो कट्टा और बम बनाना था।

UP Budget Session LIVE: 16:25 PM- सीएम योगी ने डिजिटल एन्टरप्रेन्योर योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके तहत गांवों मे 8 हजार डिजिटल उद्यमी स्थापित करेंगे। इसमें 50 फीसदी महिला आरक्षण होगा।

UP Budget Session LIVE: 16:20 PM- सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि जहां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नहीं हैं, वहां विद्यालय बनेंगे, इसके लिए 580 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। शिक्षामित्रों को अप्रैल से 18 हजार और अनुदेशकों को 17 हजार मानदेय के तौर पर देंगे।

UP Budget Session LIVE: 16:15 PM- मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम डिजिटल एंटरप्रेन्योर योजना की घोषणा की। आठ हजार न्याय पंचायत हैं। हम इन 8 हजार गांव में डिजिटल उद्यमी बनाएंगे। 50 फीसदी इसमें आरक्षण देंगे कि गांव की बहू-बेटी हो। इन्हें हम 10 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त लोन देंगे। यूनियन बजट में कई गई सीमार्ट की घोषणा के तर्ज पर प्रदेश में महिला उद्यमी विपणन उद्योग केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

UP Budget Session LIVE: 16:00 PM- सीएम ने कहा कि स्कूलों में शौचालय, पेयजल की व्यवस्था न होने से बच्चियां स्कूल छोड़ देती थीं। हमने हर स्कूल में इनकी सुविधा दी। इससे ड्रॉप आउट रेट कम हुआ। मने सभी बच्चों देने का काम शुरू किया। किसी का जाति, मत मजहब नहीं देखा। सरकार के लिए यह पाप है।

UP Budget Session LIVE: 15: 57PM- सीएम योगी ने कहा कि शिक्षा में ड्रॉप आउट रेट सपा के शासनकाल में लगभग 6फीसदी था। आज हम इसे 0-3 फीसदी पर ले आए हैं। 8 हजार न्याय पंचायत तक कंपोजिट विद्यालय ले जाने का लक्ष्य है। पहले हर विधानसभा में एक-एक, फिर हर ब्लॉक में फिर हर न्याय पंचायत तक ले जाएंगे। जहां एक ही छत के नीचे 12वीं तक की पढ़ाई और कौशल विकास प्रशिक्षण मिलेगा

UP Budget Session LIVE: 15: 55PM- सीएम ने कहा कि यूपी को डेटा सेंटर का हब बनाएंगे। 2030 तक पांच गीगवाट डाटा सेंटर क्लस्टर बनाने की योजना है। यदि कोई व्यक्ति एक कुंतल का बोरा गाड़ियों में लाद रहा है, वास्तव में यह अनह्यूमन है। इसकी जगह रोबोटिक्स ले सकता है। इसके लिए हमने 100 करोड़ की व्यवस्था की है। खेतों में दवा डालने, पेस्टीसाइड डालने से किसानों को नुकसान होता था। आज इसकी जगह ड्रोन ले रहा है।

UP Budget Session LIVE: 15: 50 PM- सीएम योगी ने कहा कि बेटियों के स्कूल से ड्रॉप आउट रेट को बहुत कम किया। मुफ्त स्कूल की पोशाकें दी।

UP Budget Session LIVE: 15: 47 PM- सीएम योगी ने दिनकर की कविता पढ़कर सपा पर निशाना साधा। उन्होने कहा कि

“मूल जानना बड़ा कठिन है नदियों का, वीरों का

धनुष छोड़ कर और गोत्र क्या होता रणधीरों का?

पाते हैं सम्मान तपोबल से भूतल पर शूर

जाति-जाति का शोर मचाते केवल कायर, क्रूर।

UP Budget Session LIVE: 15:43 PM- मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में हर साल दलित, अति पिछड़े, अल्पसंख्यक वर्ग के 1500-1700 बच्चों की इंसेफ्लाइटिस से मौत होती थी, लेकिन हमने उसके उन्मूलन पर काम किया और 2019 में सफल हो गए। आप लोगों की 4 बार सरकार बनी लेकिन आपने कभी इस तरफ विचार नहीं किया।

UP Budget Session LIVE: 15:33 PM- सीएम योगी ने कहा कि पूर्वी यूपी में इंसेफ्लाइटिस की बीमारी बहुत थी। जहां शुद्ध पेयजल का आभाव और खुले में शौच जाते थे लोग वहां इंसेफेलाइटिस से लोग मरते थे। हमने उपचार के साथ उन्मूलन पर फोकस किया। आज देखिए, हम इसमें कामयाब हो गए। सपा सरकार में हर साल 1200 से 1500 एससी, एसटी को बच्चों की मौतें होती थीं। हमने डाटा कलेक्ट किया। 2019 के बाद से इंसेफेलाइटिस का उन्मूलन हो चुका है।

UP Budget Session LIVE: 15:30 PM- सीएम योगी ने दिल्ली के भारत मंडपम में कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा, भारत की तरफ दुनिया देख रही। भारत मंडपम के AI समिट में 100 से ज्यादा देशों के लोग आए। कांग्रेस के युवा संगठन ने शर्मनाक काम किया। पूरी दुनिया में भारत की छवि को खराब करने का काम किया है। इसकी निंदा होनी चाहिए।

UP Budget Session LIVE: 15:25 PM- सीएम ने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश ने अपना आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया। वित्त मंत्री ने हमसे कहा कि करना चाहिए कि नहीं, हमने कहा कि अगर हमने काम किया है तो प्रस्तुत करना ही चाहिए। और हमने इसे प्रस्तुत किया।

UP Budget Session LIVE: 15:23 PM- सीएम ने कहा कि अब तक प्रदेश में 1.10 लाख युवाओं को सीएम ऋण योजना से ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त लोन दिया। मैं तो मंत्री जी से कहूंगा कि उन लोगों की ट्रेनिंग दी जाए। हम तो बस इतना चाहते हैं कि वह ट्रेनिंग हासिल करके अच्छा करें और फिर मूल धन वापस कर दें।

UP Budget Session LIVE: 15:20 PM- सीएम ने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना शुरू की। बैंकों से सस्ते में लोन दिया, युवाओं को टूल दिए। 10 लाख तक का ब्याज मुक्त लोन उपलब्ध कराया।

UP Budget Session LIVE: 15:19 PM- मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी के पास 96 लाख MSME यूनिट है। 3 करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। 5 लाख का कवर सरकार दे रही है।

UP Budget Session LIVE: 15:15 PM- सीएम योगी ने कहा कि हमने 86 हजार किसानों के 1 लाख रुपए तक के कर्ज को माफ किया था।

UP Budget Session LIVE: 15:13 PM- सीएम योगी ने कहा कि यूपी पहला राज्य है, जिसने किसी बैंक से कर्ज लिए बिना किसानों का कर्ज माफ किया।

UP Budget Session LIVE: 15:11 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को लेकर सीएम योगी ने कहा- आप सच्चे समाजवादी हैं, समाजवादी विचारधारा के साथ चले, वो अलग बात है कि आपके साथ शिवपाल जी जैसे लठैत ने भी चलने की कोशिश की। आपने कुछ जनपदों की पहचान ऐसी बना दी थी, कि लोग होटल में कमरा नहीं देते थे, लेकिन हम लोगों ने व्यवस्था बदली, परसेप्शन बदल गया। आज लोग कहते हैं, अच्छा आप यूपी से आए हैं।

UP Budget Session LIVE: 15:10 PM- 2017 से पहले यूपी की गिनती बीमारू राज्यों में होती थी। नीचे से टॉप- में था। यूपी को टॉप-3 राज्यों में पहुंचाने का काम डबल इंजन की सरकार ने ही किया है।

UP Budget Session LIVE: 15:09 PM- सीएम योगी ने कहा कि कर्ज को कम करके 23% पर ले जाएंगे जो कि अभी 27% है। भारत तब विकसित होगा जब राज्य विकसित होंगे। यूपी सबसे नीचे के राज्यों में शुमार होता था। लेकिन अब उत्तर प्रदेश टॉप- 3 में है।

UP Budget Session LIVE: 15:06 PM- मुख्यमंत्री ने बताया कि 2026-27 में यूपी की जीडीपी 40 लाख करोड़ के पार हो जाएगी।

UP Budget Session LIVE: 15:02 PM- सीएम योगी ने कहा कि मुझे लगता था कि नेता प्रतिपक्ष अपनी उम्र के हिसाब से आंकड़ो में घाल-मेल नहीं करेंगे। लेकिन संगत का प्रभाव होता है, लगता है कि चच्चू का प्रभाव आ गया है। आप यूपी पर उधार की बात बता रहे, मुझे लगता है कि यह सच नहीं है। 2016-17 में 4.39 था, आज की समय में 2.9 फीसदी है। मतलब हमारा वित्तीय प्रबंधन पहले से बहुत अच्छा है। इसीलिए हर बैंक यूपी पर भरोसा करता है।

UP Budget Session LIVE: 14:57 PM- सीएम योगी ने यूपी के बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हमारा सौभाग्य है कि 10वीं बार बजट पेश करने का मौका मिला। सदन को सुचारू रूप से चलाने में विपक्ष का भी योगदान रहा। मैं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के दीर्घायु होने की कामना करता हूं, लेकिन शिवपाल यादव का श्राप न लगे।

UP Budget Session LIVE: 14:50 PM- योगी सरकार पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि चला-चली की बेला है, आप सतर्क हो जाइए। नहीं तो आप भी इधर दिखेंगे।

UP Budget Session LIVE: 14:45 PM- पूर्वी यूपी प्राकृतिक आपदा से ग्रसित रहता है। बाढ़ नहीं तो सूखा की मार झेलता है।

UP Budget Session LIVE: 14:39 PM- नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र की ओर से 40 हजार करोड़ से ज्यादा का नमामि गंगे प्रोजेक्ट है। लेकिन गंगा आज तक साफ नहीं हुई है। कई जगह गंगा का पानी नहाने योग्य भी नहीं है।

UP Budget Session LIVE: 14:37 PM- तहसील और जिला कचहरी के मामलों का निपटारा जल्द किया जाए- माता प्रसाद

UP Budget Session LIVE: 14:35 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि न्याय व्यवस्था में जजों की कमी है। पदों पर जल्द बहाली होनी चाहिए।

UP Budget Session LIVE: 14:25 PM- नेता प्रतिपक्ष ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर चुटकी लेते हुए कहा कि यो लोग बहुत फीस लेते हैं। आजकल गलगोटिया अपना कुत्ता खोज रहे हैं, कह रहे हैं कि इसे हमने बनाया है। एक समय में इलाहाबाद विवि एख समय अधिकारी बनाने का कारखाना थी। लेकिन, पढ़ाई की गुणवत्ता आज काफी खराब हो गई है। विश्व विद्यालयों में गुणवत्ता सुधारने की जरूरत है।

UP Budget Session LIVE: 14:20 PM- शिक्षा पर बात करते हुए माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ोतरी पर कानून बनाकर रोक लगनी चाहिए।

UP Budget Session LIVE: 14:16 PM- नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहा रेफर की नीति बंद होनी चाहिए। आदमी एक जगह से दूसरी जगह मरीज को लेकर भागता रहता है। दूसरी बात यह कि स्वास्थ्य में संविदा पर ज्यादा कर्मचारी हैं।

UP Budget Session LIVE: 14:05 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने प्रति व्यक्ति आय को लेकर कहा- 1.20 लाख प्रति व्यक्ति आय का अनुमान है, पूरे देश का जो अनुमान है उसका यह 53 फीसदी है, फिर क्यों इतना ढिंढोरा पीट रहे हैं।

UP Budget Session LIVE: 14:03 PM- शिवपाल यादव ने शायरी सुनाकर बजट का विरोध किया। इस पर स्पीकर सतीश महाना ने कहा- एक शेर बिना पढ़े बोल दीजिए, मजा आ जाएगा। स्पीकर के इतना कहते ही पूरा सदन हंस पड़ा।

UP Budget Session LIVE: 14:01 PM- कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने जल जीवन मिशन को लेकर कहा, कई जगहों पर टंकी बनी है फिर भी पानी नहीं शुरू हुआ है। क्षेत्र के लोग हैंडपंप के लिए आते हैं, लेकिन वह भी सरकार ने बंद कर दिया है, इसलिए अपील है कि जब तक जल जीवन मिशन पूरी तरह से शुरू नहीं हो जाता, तब तक हैंडपंप की व्यवस्था जारी रखें।

UP Budget Session LIVE: 13:49 PM- मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा- विपक्ष कह रहा कि बजट में कुछ नहीं है, असल में विपक्ष का काम ही है विरोध करना।

UP Budget Session LIVE: 13:40 PM- सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा के मदरसा शिक्षकों के मानदेय बकाया और एटीएस जांच पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा- मदरसों में जांच इसलिए हो रही क्योंकि कई जगह नोट छापे जाते हैं।

UP Budget Session LIVE: 12:45 PM- नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि आखिर मंत्री जी क्यों नहीं बताते हैं कि आउटसोर्सिंग कारपोरेशन का स्वरूप क्या है। इस पर मंत्री ने कहा कि उन्हें आज ही कारपोरेशन के सदस्यों के बारे में जानकारी दे दी जाएगी लेकिन असंतुष्ट सपा सदस्यों ने सदन से वाकआउट कर दिया।

UP Budget Session LIVE: 12:09 PM- कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ने कहा कि यूपी से अब तक करीब 6 हजार युवा नौकरी के लिए इजरायल गए हैं। क्या ऐसा नहीं हो सकता था कि इन्हें कहीं और भेजे, क्योंकि इजरायल में खतरे की स्थिति है। क्यों हम अपने मजदूरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। जवाब देते हुए श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि हमने 6 हजार को भेजा, 1 हजार को और भी भेजना है। हमने यह देखा कि युद्ध किस क्षेत्र में चल रहा है, जब सुरक्षा सुनिश्चित हुई तभी भेजा, 1 साल हो गए, अब तक किसी तरह की कोई शिकायत नहीं आई। हमें गर्व है कि 1 साल में ये लोग 1 हजार करोड़ रुपए भेज चुके हैं।

UP Budget Session LIVE: 12:04 PM- मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि सपा ने 1.39 लाख नौकरियां दी, हमने 8 लाख 45 हजार सरकारी नौकरी दी।

UP Budget Session LIVE: 12:01 PM- सपा विधायकों ने बेरोजगारी भत्ते पर सवाल किया। इसका जवाब देने के लिए श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा- 2006 में इनकी सरकार थी, इन्होंने 1 साल के लिए बेरोजगारी भत्ता दिया। फिर 2012 में सरकार बनी, तब भी 1 ही साल बेरोजगारी भत्ता दिया। अगर इतना ही अच्छा था तो पूरे 5 साल क्यों नहीं दिया। हमारी सरकार नौकरी और रोजगार देने पर भरोसा करती है, भत्ते पर नहीं।

UP Budget Session LIVE: 11:45 AM- सपा विधायक संग्राम सिंह ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार द्वारा लगाए जा रहे रोजगार मेलों की पोल खोलते हुए आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर समेत अन्य जिलों से युवा नौकरी को दूसरे राज्यों को गए। जिसके जवाब में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पलायन शब्द अब यूपी से बाहर हो गया है। आज दुनियाभर में सबसे ज्यादा डिमांड यूपी के कामगारों की है।

UP Budget Session LIVE: 11:25 AM- महंगाई पर सदन में हो-हल्ला पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज सदन की कार्यवाही का आखिरी दिन है। चली-चला की बेला है। ऐसे में सवाल का जवाब दिया जाए। फालतू बातों में समय बर्बाद न किया जाए।

UP Budget Session LIVE: 11:24 AM- महंगाई का जवाब देते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि नौ वर्षों में सरकार ने एक भी टैक्स नहीं लगाया। बोतल की बात पर तंज कसते हुए कहा कि इन लोगों को बोतल की बड़ी चिंता है। बोतल के दाम तो बढ़ गए हैं। इसका सपा ने विरोध किया। इस पर कुछ देर के लिए हंगामा हुआ।

UP Budget Session LIVE: 11:12 AM- सपा विधायक आरके वर्मा ने मंहगाई पर सवाल पूछा। उन्होंने कविता से सुनाई- ‘तेल की बोतल पूछ रही है ये, पहले तुम ही खरीदते तो मुझे…आज क्यों सोच रहे हो’। आलू किसान परेशान हैं। बिचौलिया मालमाल हैं।

UP Budget Session LIVE: 11:09 AM- रागिनी के सवाल का जवाब देते हुए अनिल राजभर ने कहा कि निविदा में कार्य अवधि निर्धारित होती है। कंपनियां बदल सकती हैं, लेकिन कर्मी नहीं बदले जाते हैं। ये आदेश 2009, 2016 के हैं। हमने इसमें कोई निर्णय नहीं लिया है।

UP Budget Session LIVE: 11:07 AM- सपा विधायक रागिनी सोनकर ने किया। उन्होंने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय बढ़ाने को लेकर सवाल किया। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के बराबर आउटसोर्सिंग कर्मियों को वेतन देने की मांग की।

UP Budget Session LIVE: 10:43 AM- जलशक्ति विभाग की अनुदान मांगों के कटौती प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सपा विधायक शिवपाल यादव ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव से कहा कि क्या आप योजनाओं के लिए अपने घर से पैसा लाते हैं? उन्होंने कहा कि आपको फोन करके मैंने नहरों में पानी खुलवाने के लिए कहा था, लेकिन पानी नहीं खुला और जब मैंने अधिकारी को फोन किया तब ही काम हुआ। उन्होंने मंत्री से अधिकारियों पर सख्ती किए जाने की अपील की।

UP Budget Session LIVE: 10:42 AM- संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रमजान पर मजिस्दों से लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति देने की मांग को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर धार्मिक स्थलों से इसे उतारा गया है। इसलिए इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती है। सपा सदस्य कमाल अख्तर ने रोजा इफ्तार व सहरी के समय लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना दिए जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया था।

UP Budget Session LIVE: 10:41 AM- राज्य सरकार यूपी में जाति प्रमाण पत्र बनवाने में होने वाली देरी और बाधाओं को दूर करने जा रही है। राजस्व परिषद इसके लिए साफ्टवेयर तैयार करा रहा है। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने गुरुवार को विधानसभा में सपा सदस्यों द्वारा गोंड और खरवार जाति के लोगों का अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र बनाने में देरी का मामला उठाए जाने के बाद यह जानकारी दी।

UP Budget Session LIVE: 10:40 AM- यूपी विधानसभा में गुरुवार को नई दिल्ली में चल रही एआई समिट में गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा चीनी रोबोट को कथित रूप से अपना विकसित किया हुआ बताने का मामला उठा। समाजवादी पार्टी के सदस्य पंकज मलिक ने इस प्रकरण को उठाया तो विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इसको टाल दिया। सपा सदस्य इंजीनियर सचिन यादव व पंकज मलिक ने शून्य प्रहर में गलगोटिया विश्वविद्यालय का मामला उठाया।

UP Budget Session LIVE: 10:39 AM- कृषि मंत्री के जवाब से सपा सदस्य संतुष्ट नहीं हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए।

UP Budget Session LIVE: 10:38 AM- कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि धरती माता बीमार पड़ रही है। कीटनाशकों का प्रयोग ज्यादा हो रहा है। उसी के बाद राज्य सरकार ने इस पर गंभीरता से काम शुरू किया है। जहां तक खाद की उपलब्धता की बात है तो किसी भी जिले में खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी।

UP Budget Session LIVE: 10:37 AM- गुरुवार को विधानसभा में कीटनाशकों पर प्रतिबंध लगाने और जिलों में उर्वरकों की कमी के मुद्दे पर सपा और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के बीच जमकर नोकझोंक हुई। सपा सदस्यों ने कैंसर और हार्ट अटैक के कारण बन रहे कीटनाशकों को प्रतिबंधित करने की मांग की। वहीं, किसानों के लिए खाद की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर कृषि मंत्री ने कहा कि जनता सपा सदस्यों को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। कृषि मंत्री के इतना कहते ही दोनों पक्षों में तकरार हुई और बाद में सपा सदस्यों ने कृषि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर सदन का बहिर्गमन कर दिया।

UP Budget Session LIVE: 10:36 AM- यूपी बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। बजट पर सीएम योगी जवाब देंगे। बीते 4 दिनों से विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के 9.12 लाख करोड़ रुपये के बजट पर विस्तृत चर्चा हुई।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment