नौकरियों में आरक्षण के मुद्दे पर नोकझोंक,सपा का वॉकआउट – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 

आरक्षण के मुद्दे पर नोकझोंक,सपा का वॉकआउट

नौकरियों में आरक्षण के मुद्दे पर बुधवार को विधान परिषद में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने जमकर हंगामा किया। सपा के सदस्यों ने वेल में पहुंच कर नारेबाजी की और उसके बाद सदन से बहिर्गमन कर गए। सपा के सदस्य नेता सदन के जवाब से असंतुष्ट थे।

दरअसल, नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने सपा द्वारा उठाए गए मुद्दे का जवाब देते हुए कहा कि आरक्षण के मामले में सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया रहा है, इसमे किसी भी तरह गड़बड़ी किसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी। अगर कहीं एक पद भी है, तो वहां भी आरक्षण की कोई चोरी नहीं होने दी जाएगी।

नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संविधान भी सुरक्षित है, आरक्षण भी सुरक्षित है। पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत, अनूसूचित जाति के लिए 21 प्रतिशत, अनुसूचित जन जाति के लिए 2 प्रतिशत और गरीब सवर्णो के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। इसके साथ कोई छेड़छाड़ किसी भी दशा में नहीं होने दी जाएगी।

इससे पूर्व सपा ने कार्यस्थगन प्रस्ताव के तहत नौकरियों में आरक्षण का मुद्दा उठाया। सपा सदस्य किरणपाल कश्यप और मान सिंह ने कहा कि नौकरियों में आरक्षण पर डकैती डाली जा रही है। उन्होंने हाल ही में लेखपाल भर्ती और आरओ, एआरओ भर्ती का उदाहरण दिया। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने भी कहा कि दलितों ओबीसी के आरक्षण की व्यवस्था का सरकार पालन क्यों नहीं कर रही? इस पर नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हर बात के दो पक्ष होते हैं। आप दोनों पक्ष जानते हैं लेकिन बताते नहीं। लेखपाल भर्ती में मैंने और मुख्यमंत्री ने खुद निर्देश दिए हैं कि दोबारा विज्ञापन जारी किया जाए।

नेता प्रतिपक्ष को पहले भी बाहर निकाला है

इस वर्ष बजट सत्र के दौरान 19 फरवरी को भी नेता प्रतिपक्ष को मार्शल द्वारा विधान परिषद से बाहर किया जा चुका है। तब मुद्दा महाकुंभ पर चर्चा का समय बढ़ाने का था। उस समय भी नेता प्रतिपक्ष ने पीठ की बात मानने से इनकार कर दिया था। तब सभापति के निर्देश पर मार्शल ने उन्हें उठाकर सदन से बाहर कर दिया था।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment