देवरिया। जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को रिश्ते के चाचा ने सात साल की एक मासूम बच्ची की स्कूल से ले जाकर हत्या कर दी और शव झरही नदी में फेंक दिया। बच्ची के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति की सात साल की बेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थी। दोपहर में लंच के बाद उसके रिश्ते का चाचा स्कूल पहुंचा और बच्ची को घर ले जाने की बात कहकर साइकिल से अपने साथ लेकर चला गया। इधर देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसे ढूंढ़ने लगे। जब वह नहीं मिली तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। उसी दौरान गांव से सट कर बहने वाली झरही नदी में कुछ ग्राामीणों ने बच्ची का शव देखा। पुलिस ने नदी से शव बरामद कर छानबीन शुरू की। स्कूल के पास लगे सीसी कैमरे को खंगाला गया तो उसमें रिश्ते का चाचा बच्ची को लेकर जाते हुए दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। 35 वर्षीय आरोपी शादीशुदा और दो बच्चों का बाप है। वह पीड़िता के पिता के सगे चाचा का लड़का है। बच्ची उसे बड़े पापा कहकर बुलाती थी। आरोपी नशे का भी आदी बताया जा रहा है। बच्ची का पिता बाहर रहकर मजदूरी करता है। इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एक बच्ची का शव मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर गहन जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है कि नहीं, यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
अंशुमन श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी, भाटपाररानी
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






