UPTET परीक्षा रद्द: TGT-PGT की नई तारीखें जल्द, शीतावकाश बाद एजेंसी का होगा चयन – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 28 और 29 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) निरस्त कर दी गई है। आयोग की ओर से टीईटी के साथ प्रवक्ता (पीजीटी) एवं प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रम जल्द जारी किए जाएंगे। टीईटी मई के मध्य में कराने की बात भी कही जा रही है।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की मंगलवार को हुई बैठक में परीक्षा नियंत्रक को इसके लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आयोग की भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर भी तैयार किया जाए और उसी के अनुसार परीक्षाएं कराया जाना सुनिश्चित की जाए। भर्ती परीक्षाओं को लेकर आयोग में अब गतिरोध दूर होने की उम्मीद जगी है। नए अध्यक्ष प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई पहली बैठक में परीक्षाओं की तारीख तो घोषित नहीं की गई, लेकिन इसका खाका जरूर तैयार किया गया। शीतावकाश के बाद नए साल में आयोग खुलने पर परीक्षाओं की तारीख घोषित होने की भी उम्मीद है।

आयोग की ओर से टीईटी के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन लिया जाएगा, लेकिन अभी तक यह प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में 28 और 29 जनवरी को परीक्षा करा पाना संभव नहीं था। ऐसे में टीईटी की नई तारीख घोषित की जाएगी। आयोग मई के मध्य में परीक्षा कराने पर विचार कर रहा है। कोई रुकावट नहीं आई तो 17 एवं 18 मई को टीईटी का आयोजन कराया जा सकता है। हालांकि अभी आयोग की तरफ इस पर कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया गया है।

इसी क्रम में बैठक में परीक्षा नियंत्रक को टीजीटी, पीजीटी भर्ती परीक्षाओं के साथ टीईटी के लिए भी तारीखों पर निर्णय लेने के लिए कहा गया। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक को अन्य भर्ती संस्थाओं के साथ समन्वय बनाने के लिए कहा गया। परीक्षा नियंत्रक को भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर भी बनाने के निर्देश दिए गए।

सदस्यों ने कहा कि अन्य भर्ती संस्थाओं की कार्यप्रणाली का अध्ययन करके और उनके साथ समन्वयक बनाकर केंद्रों के चयन का प्रारूप तैयार कर आयोग के सामने प्रस्तुत किया जाए। सदस्यों ने परीक्षा कराने वाली एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। शीतावकाश के बाद इन बिंदुओं पर किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कही गई। अध्यक्ष ने तय तारीख पर परीक्षाएं सुनिश्चित करने, शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में अन्य न्यायालय के आदेशों के पालन एवं अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।

आपत्तियाें के निस्तारण के बाद घोषित होगी साक्षात्कार की तारीख

विज्ञापन संख्या 51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के साक्षात्कार का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने कई विषयों के प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। कई अन्य तरह की भी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। अभ्यर्थियों का एक वर्ग असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे निरस्त करने की मांग कर रहा है। बैठक के दौरान भी प्रतियोगियों ने आयोग पर प्रदर्शन किया एवं ज्ञापन सौंपा। इसके मद्देनजर बैठक में इस तरह की सभी आपत्तियों एवं अन्य बिंदुओं के निस्तारण के बाद ही साक्षात्कार पर निर्णय लेने और तारीख घोषित करने का निर्णय लिया गया।

सतर्कता अधिकारी की होगी नियुक्ति

आयोग ने अभी तक सिर्फ असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा कराई और उसमें भी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने ज्ञापन सौंपा है। इसके अलावा कई अन्य तरह की भी शिकायतें हैं। ऐसे में आयोग के क्रिया कलापों में पारदर्शिता लाने एवं परीक्षा संबंधी अन्य कार्यों मेें शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक विजिलेंस प्रणाली स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सतर्कता अधिकारी की नियुक्ति का निर्णय लिया गया।

 

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment